बॉक्साइट ट्रक घर में घुसा, अधेड़ की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर डेढ़ घंटे तक रांची व नेतरहाट मार्ग जाम
गुमला के बिशुनपुर थाना स्थित रेहेटोली गांव में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. जहां एक अनियंत्रित बॉक्साइट लदे ट्रक ने सड़क किनारे स्थित घर में टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में घर के बाहर बैठे 58 वर्षीय टेपना महली की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घाघरा-नेतरहाट मुख्य मार्ग को करीब डेढ़ घंटे तक पूरी तरह जाम रखा. जानकारी के अनुसार, बॉक्साइट लदा ट्रक घाघरा से बिशुनपुर की ओर आ रहा था. रेहे टोली गांव के समीप ट्रक ने पहले एक स्कूटी सवार को हल्की टक्कर मारी, जिसके बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार ट्रक बिजली के पोल को तोड़ते हुए सीधे सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा. इस दौरान वहां मौजूद कई बच्चे भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. लेकिन टेपना महली इसकी चपेट में आ गये.
दुर्घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गयी और ग्रामीणों ने तत्काल मुआवजा व स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी. जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस और प्रभारी अंचलाधिकारी खाखा सुशील कुमार मौके पर पहुंचे. अंचलाधिकारी ने सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया, जबकि बिशुनपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार को तत्काल दस हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की. इसके बाद शाम करीब चार बजे जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.
