राजनीति

आदिवासियों की पहचान मिटाने की साजिश बर्दाश्त नहीं : कैप्टन उरांव

गुमला कांग्रेस एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कैप्टन लोहारा उरांव के नेतृत्व में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासियों को “वनवासी” कहे जाने के विरोध में स्थानीय टॉवर चौक पर उनका पुतला दहन किया गया. इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिसई रोड से जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ता आदिवासी को वनवासी कहना बंद करो, आदिवासियों का अपमान बंद करो, अमित शाह इस्तीफा दो जैसे नारे लगा रहे थे.

इस अवसर पर कैप्टन लोहारा उरांव ने कहा कि आदिवासी इस देश के मूल निवासी हैं और उनकी पहचान, संस्कृति, परंपरा व अधिकारों को कमजोर करने की साजिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को वनवासी कहकर उनकी अस्मिता और संवैधानिक पहचान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है.

कांग्रेस सेवादल की ज्योति कुजूर ने कहा कि आदिवासी समाज ने हमेशा जल, जंगल और जमीन की रक्षा की है. केंद्र सरकार आदिवासियों के अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने सम्मान और पहचान के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा. कार्यक्रम में लोथे उरांव, हिंदू उरांव, हववा उरांव, सुदेश्वर उरांव, पूजार उरांव, सूको उरांव, सोमारी उरांव, जितेंद्र उरांव, राजेश उरांव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *