गुमला

सीएससी सेंटर संचालक की सूझबूझ से टली साइबर ठगी

भरनो प्रखंड के रायकेरा गांव निवासी सुखदेव उरांव की पत्नी सरिता उरांव साइबर अपराधियों के झांसे में आकर ठगी का शिकार होते-होते बच गयी. समय रहते सीएससी संचालक की सतर्कता और भरनो पुलिस की त्वरित पहल से महिला के 17 हजार रुपये सुरक्षित बच गये. इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय साइबर अपराधियों की नई-नई ठगी की तरकीबों को उजागर कर दिया है.

जानकारी के अनुसार रायकेरा गांव की सरिता उरांव के मोबाइल पर शनिवार की सुबह को 7091294985 और 8809304895 नंबरों से फोन आया. फोन करने वालों ने खुद को सरकारी योजना से जुड़ा बताते हुए कहा कि वर्ष 2021 में पड़े सूखे के कारण प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से एक लाख 95 हजार रुपये का मुआवजा और एक ट्रैक्टर दिया जा रहा है. ठगों ने महिला को भरोसा दिलाने के लिए यह भी कहा कि कई जिलों में लाभुकों को भुगतान कराया जा चुका है और यदि वह जल्द लाभ लेना चाहती हैं तो उन्हें निर्धारित खाते में 17 हजार रुपये जमा करने होंगे. साइबर अपराधियों की बातों में आकर सरिता उरांव ने बताया कि उनके पति ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने बाहर गये हुए हैं. लगातार शनिवार से सोमवार तक फोन आने के कारण वह उनकी बातों पर विश्वास करने लगीं. लाभ मिलने की उम्मीद में उन्होंने इधर-उधर से कर्ज लेकर 17 हजार रुपये की व्यवस्था की और सोमवार को राशि जमा करने के लिए भरनो ब्लॉक चौक स्थित कंचन केशरी के सीएससी सेंटर पहुंच गयी.

सीएससी संचालक कंचन केशरी ने जब महिला से पैसे जमा करने का कारण पूछा तो सरिता ने पूरी बात बतायी. मामला सुनते ही कंचन केशरी को संदेह हुआ और उन्होंने महिला को पैसे भेजने से रोक दिया. साथ ही उन्होंने तत्काल इसकी सूचना भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ सीएससी सेंटर पहुंचे और महिला से पूरे मामले की जानकारी ली. पूछताछ के बाद स्पष्ट हो गया कि यह साइबर ठगी का प्रयास था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *