गुमला में चोरों का आतंक, दो घरों से लाखों रुपये की चोरी
गुमला शहर के चेटर मुहल्ला निवासी रमेश साहू के घर में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में कुछ संदिग्धों को खड़ियापाड़ा इलाके से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से चोरी की वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. जानकारी के अनुसार रमेश साहू ने थाना में दिये आवेदन में बताया है कि दो जून को उनका घर बंद था और परिवार के सदस्य बाहर गये हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित के अनुसार शाम करीब 7.30 बजे जब परिवार के लोग घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी और अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़े थे. जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान गायब हैं. रमेश साहू ने अपने आवेदन में चोरी गये सामानों की कीमत एक लाख 90 हजार रुपये बतायी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने प्रारंभिक जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाये गये सुरागों के आधार पर खड़ियापाड़ा इलाके से कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है.
इधर, बंद पड़े मकान से ढाई लाख की चोरी
गुमला शहर के डीएसपी रोड स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. घटना को लेकर मकान मालिक संजय कुमार सिंह ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. थाना में दिये आवेदन के अनुसार संजय कुमार सिंह (61 वर्ष) पिछले एक माह से अपने परिवार के साथ रांची स्थित आवास में रह रहे थे. इस दौरान गुमला स्थित उनका मकान बंद था. संजय कुमार सिंह ने बताया कि दो जून की सुबह करीब 9.30 बजे जब वह अपने गुमला स्थित घर पहुंचे तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे सहित अंदर के कई कमरों के ताले टूटे हुए हैं. घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरे पड़े मिले. इससे उन्हें चोरी होने की आशंका हुई. पीड़ित ने बताया कि जांच करने पर घर से 32 इंच का टीवी, सिलाई मशीन, टूल पंप, इन्वर्टर और बैटरी सहित कई अन्य सामान गायब मिले. इसके अलावा चोर घर के दरवाजों और खिड़कियों में लगे पीतल के हैंडल, छिटकनी, बिजली के स्विच, वायरिंग तथा कुछ बर्तन भी अपने साथ ले गये. चोरों ने चोरी के दौरान घर के दरवाजों, खिड़कियों और अन्य सामानों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है. अज्ञात चोरों ने रात के समय घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी गये सामानों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
