गुमला

पत्नी और बेटी लापता, पति पहुंचा थाना

गुमला सदर थाना के करौंदा सियो टंगरा निवासी मनोज लोहरा ने अपनी पत्नी नेहा कुमारी और मासूम बेटी प्रियंका कुमारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने की शिकायत थाना में दर्ज कराया है. दोनों बीते 26 मई से घर नहीं लौटी हैं. जिससे परिवार गहरी चिंता में है. मनोज लोहरा ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराये के मकान में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. 26 मई को उनकी पत्नी बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी. इसी दौरान सेमर टंगरा गांव से मोहन उरांव के यहां से एक बारात सिमडेगा के लिए रवाना हुई थी.

जानकारी के अनुसार नेहा कुमारी अपनी बेटी के साथ उसी बारात की बस में सवार होकर सिमडेगा चली गयी. पति ने बताया कि बारात उसी रात वापस लौट आयी थी. खोजबीन के दौरान बरातियों ने बताया कि वह करीब चार दिनों तक बारात वाले घर में रुकी रही. इसके बाद वह वहां से निकल गयी. लेकिन तब से उसका कोई पता नहीं चल पाया है. काफी खोजबीन के बावजूद पत्नी और बेटी का सुराग नहीं मिलने पर मनोज लोहरा ने थाना पहुंचकर पुलिस से दोनों की तलाश करने की गुहार लगायी है. घटना के बाद से परिवार के लोग चिंतित हैं. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *