पांच सेकेंड की कॉल और खाते से उड़ गये 73 हजार!
साइबर अपराधियों का जाल अब इतना खतरनाक हो गया है कि महज पांच सेकेंड की एक रहस्यमयी कॉल ने एक बुजुर्ग खाताधारक की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित कुछ सेकेंड तक फोन पर ‘हैलो-हैलो’ कहते रहे. लेकिन दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं आया. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इसी दौरान उनके बैंक खातों में बड़ा खेल हो चुका है. जानकारी के अनुसार, पुग्गू नवाटोली निवासी एक खाताधारक के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करीब पांच सेकेंड तक चला और दूसरी तरफ से कोई बात नहीं की गयी. कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उनके पेंशन खाते में तीन हजार रुपये जमा होने का मैसेज आया. बुजुर्ग जब तक इस लेन-देन का मतलब समझ पाते. तब तक उनके सैलेरी खाते में जमा 63 हजार रुपये की पूरी राशि पेंशन खाते में ट्रांसफर हो चुकी थी.
इसके बाद अपराधियों ने पेंशन खाते में पहले से मौजूद 10 हजार रुपये और सैलेरी खाते से आये 63 हजार रुपये, कुल 73 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया. खाते से रकम निकलने के मैसेज देखकर पीड़ित के होश उड़ गये. घबराये खाताधारक अपने बेटे के साथ तत्काल शिकायत लेकर थाना पहुंचे. लेकिन वहां से उन्हें साइबर क्राइम कार्यालय जाने की सलाह दी गयी. पीड़ित ने मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए राशि वापस दिलाने और साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
