गुमला

डायन-बिसाही हत्याकांड : मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, रिमांड की तैयारी में पुलिस

गुमला सदर थाना के कोटेंगसेरा गांव में हुए पालु खड़िया हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी बहुरा उरांव आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. कोर्ट में सरेंडर के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं अब पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार रिमांड के दौरान बहुरा उरांव से विस्तृत पूछताछ की जायेगी. जिससे हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटनाक्रम का खुलासा हो सके.

जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. गौरतलब है कि कोटेंगसेरा गांव निवासी 65 वर्षीय पालु खड़िया की डायन-बिसाही के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी थी. घटना में उनकी पत्नी सुगी देवी पर भी हमला किया गया था, जो किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही थीं. अगले दिन घर लौटने पर उन्होंने अपने पति को मृत अवस्था में पाया था. स्थानीय लोगों के अनुसार, बहुरा उरांव की बेटी लंबे समय से बीमार रहती थी.

इसी बीच झाड़-फूंक और अंधविश्वास के प्रभाव में आकर पालु खड़िया और उनकी पत्नी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया. इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक रूप ले लिया और पालु खड़िया की जान चली गयी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *