शादी करने की जिद लेकर बिजली टावर में चढ़ी किशोरी, घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चला
गुमला के डुमरी प्रखंड में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी. जब एक 16 वर्षीय किशोरी अपने पसंद के युवक से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गयी. बताया जा रहा है कि किशोरी जिस युवक से विवाह करना चाहती थी. उसके लिए परिवार के लोगों ने सहमति नहीं दी. इससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी सुबह टावर पर चढ़ गयी और वहां से लगातार चिल्लाकर अपनी बात रखती रही. स्थिति उस समय और गंभीर हो गयी. जब उसने टावर पर ही फांसी का फंदा तैयार कर लिया और आत्महत्या की कोशिश करने लगी. यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे. लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी.
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काफी संयम और धैर्य के साथ किशोरी को समझाने का प्रयास किया. करीब तीन से चार घंटे तक किशोरी टावर पर डटी रही और लगातार अपनी मांग दोहराती रही. लंबे समय तक ऊंचाई पर खड़े होकर चिल्लाने के कारण उसका गला भी बैठ गया था. इस दौरान डुमरी थाना के एसआइ मनोज कुमार ने लगातार उससे बातचीत की. उन्होंने किशोरी को शांत रहने, उसके भविष्य और परिवार की चिंता करने तथा किसी भी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की सलाह दी. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार किशोरी पुलिस और ग्रामीणों की बात मान गयी और सुरक्षित नीचे उतर आयी.
टावर से उतरने के बाद ग्रामीण, परिजनों और पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया कि वह अभी नाबालिग है और कानून के अनुसार उसकी शादी की उम्र नहीं हुई है. लोगों ने उसे आश्वासन दिया कि बालिग होने के बाद वह अपने जीवन से संबंधित निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होगी. समझाइश के बाद किशोरी शांत हुई और अपने परिजनों के साथ घर लौट गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा होते रही.
