गुमला

रायडीह पर टूटा मौत का कहर, वज्रपात व ट्रैक्टर पलटने से दो की जान गई

गुमला के रायडीह प्रखंड में बुधवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना में वज्रपात से एक छात्र की मौत हो गयी, जबकि दूसरी घटना में ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर ने दम तोड़ दिया. दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार मृतक छात्र राज रोहित केरकेट्टा रायडीह थाना क्षेत्र के सामकोना गांव का निवासी था और जय किसान इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र था. बुधवार को वह नियमित रूप से विद्यालय आया था. विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था. इसी दौरान केराडीह गांव के समीप अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए वह अपने साथियों के साथ सड़क किनारे एक आम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. तभी अचानक तेज वज्रपात हुआ. जिसकी चपेट में आकर राज रोहित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद उसके साथियों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह पहुंचाया. जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

वहीं दूसरी घटना मांझाटोली स्थित पावर ग्रिड के समीप हुई. जहां एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से एक मजदूर की मौत हो गयी. पावर ग्रिड के आसपास बिजली पोल लगाने का कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर में चिप्स और सीमेंट लोड कर सामग्री पहुंचायी जा रही थी. बताया जाता है कि ट्रैक्टर पोगरा रोड की ओर से सामग्री लेकर पावर ग्रिड के समीप स्थित ढलान से नीचे उतर रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया. जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना में उसकी कमर के पास रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आयी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रायडीह पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *