गुमला

अहमद बेलाल अनवर ने कहा- पर्यावरण पर मंडरा रहा संकट, पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करें

संत इग्नासियुस इंटर कॉलेज गुमला में सत्र 2026-28 हेतु कक्षा 11वीं में नवनामांकित छात्र-छात्राओं के लिए गुरुवार को उत्कृष्टता की ओर एक नई शुरूआत थीम पर सत्रारंभ समारोह (इंडक्शन सेरेमनी) का आयोजन किया गया है. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएफओ गुमला अहमद बेलाल अनवर, संत इग्नासियुस के रेक्टर फादर फ्लोरेंस डुंगडुंग, प्रधानाचार्य फादर मनोहर खोया, कॉर्डिनेटर फादर प्रफुल्ला एक्का, विप्रस अध्यक्ष फादर इम्मानुएल कुजूर, विप्रस सचिव सह एराउज निदेशक फादर एल्फिज केरकेट्टा एवं छात्र प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. मौके पर मुख्य अतिथि डीएफओ अहमद बेलाल अनवर ने विद्यार्थियों को पर्यावरण व उसकी सुरक्षा एवं जीवन संबंधी बातें पर जागरूक व प्रेरित किया.

डीएफओ ने पर्यावरण एवं उसकी सुरक्षा से संबंधित अपने सुझाव एवं विचारों को व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण का अत्याधिक दोहन के कारण पर्यावरण पर संकट मंडरा रहा है. आज पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से जूझ रहा है. बरसात में सही से बारिश नहीं हो रही है और यदि हो भी रही है तो अत्याधिक बारिश हो रही है. पर्यावरण के दोहन के कारण ही पिछले कुछ सालों से गर्मी भी अत्याधिक बढ़ने लगी है. अनेकों प्रकार की बीमारियां फैल रही है. जिससे जीव-जंतु सभी प्रभावित हो रहे हैं. इससे बचने का एकमात्र उपाय यह है कि पर्यावरण का संरक्षण किया जाये. इसके लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की आवश्यकता है. उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के संरक्षण अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने जीवन संबंधी विषय पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया. कहा कि विद्यार्थी जीवन बहुत ही महत्वपूर्ण है. इस जीवन में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं, जो उनका भविष्य तय करता है. कार्यक्रम में इंटर कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, 11वीं-12वीं के विद्यार्थी, भारत स्काउट एंड गाईड के छात्र शामिल थे.

तरक्की करने के लिए अनुशासन जरूरी : फादर फ्लोरेंस

रेक्टर फादर फ्लोरेंस कुजूर ने कहा कि विद्यार्थियों से अनुशासन व लक्ष्य निर्धारण के प्रति प्रेरित किया. कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और तरक्की पाने के लिए अनुशासन व लक्ष्य निर्धारण आवश्यक है. उन्होंने कॉलेज के संरक्षक संत संत इग्नासियुस लोयोला की चर्चा करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, आत्मानुशासन, ईश्वर में गहरी आस्था और मानव सेवा के प्रति समपर्ण का अद्भुत उदाहरण है. एक सैनिक से आध्यात्मिक मार्गदर्शक बनने की उनकी यात्रा हमें यह सिखाती है कि जीवन का सच्चा उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है.

हमारा उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास : फादर मनोहर

प्रधानाचार्य फादर मनोहर खोया ने अभी का समय आप सभी विद्यार्थियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है. क्योंकि आप अपने शैक्षणिक जीवन में एक नये चरण में प्रवेश कर रहे हैं. फादर मनोहर ने कहा कि संत इग्नासियुस इंटर कॉलेज में शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना या परीक्षाओं में सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास भी करना है. हमारा लक्ष्य ऐसे युवा स्त्री-पुरुष का निर्माण करना है जो बौद्धिक रूप से सक्षम, नैतिक रूप से दृढ़, सामाजिक रूप से उत्तरदायी तथा दूसरों के प्रति संवेदनशील और करूणामय हो.

डीएफओ ने पौधारोपण कर इको क्लब के पौधारोपण अभियान की शुरूआत की

डीएफओ अहमद बेलाल अनवर ने संत इग्नासियुस में इको क्लब के पौधारोपण अभियान का उदघाटन पौधारोपण कर किया. मौके पर डीएफओ, शिक्षकों व इको क्लब के छात्र सदस्यों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया. प्रधानाचार्य फादर मनोहर खोया ने बताया कि स्कूल में हर साल इको क्लब द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया जाता है. जिसके तहत क्लब के छात्र सदस्यों द्वारा पौधारोपण किया जाता है. स्कूल के सभी बच्चों को भी पौधा उपलब्ध कराया जाता है. जिसे बच्चे अपने घर आंगन या अन्य खाली पड़ी जमीन पर पौधा लगाते हैं. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *