गुमला

सात वर्षीय मासूम नवीन कुमार सिंह हत्याकांड का खुलासा, 14 वर्षीय बहन निकली हत्यारिन, बाल सुधार गृह भेजी गयी

गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र के कांसीर जामटोली गांव में सात वर्षीय मासूम नवीन कुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली है. इस हृदयविदारक हत्याकांड में मृतक की 14 वर्षीय सगी बहन ही आरोपी निकली. पुलिस ने हत्यारिन बहन को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है. बतातें चले कि गत 15 जून को कांसीर जामटोली निवासी हेमंत कुमार सिंह के सात वर्षीय पुत्र नवीन कुमार सिंह का शव गांव के समीप जंगल से बरामद किया गया था. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए रायडीह पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार अनुसंधान के दौरान कई पहलुओं पर जांच की गयी.

परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद संदेह की सुई मृतक की 14 वर्षीय बहन की ओर गयी. जब पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसे हमेशा यह महसूस होता था कि परिवार के सभी सदस्य उसके छोटे भाई नवीन को अधिक प्यार और महत्व देते हैं, जबकि उसे अक्सर डांट-फटकार का सामना करना पड़ता था. इसी वजह से उसके मन में अपने भाई के प्रति गहरी नाराजगी और ईर्ष्या घर कर गयी थी. आरोपी बहन ने स्वीकार किया कि 15 जून को वह अपने छोटे भाई को घुमाने के बहाने से जंगल की ओर लेकर गयी. वहां उसने पहले उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद पहचान छिपाने के लिए पत्थर से उसके सिर को कूचल दिया.

वारदात को अंजाम देने के बाद वह शव को जंगल में छोड़कर चुपचाप घर लौट आयी और सामान्य व्यवहार करती रही, ताकि किसी को उस पर शक न हो. एक मासूम बच्चे की हत्या से पूरा गांव तो स्तब्ध था ही, बाद में पुलिसिया जांच के बाद हुए खुलासे ने लोगों को और भी हैरान कार दिया. किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक बहन ही अपने छोटे भाई की जान की दुश्मन बन जायेगी. इधर, पुलिस ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोरी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया. जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *