गुमला

बारात से लौट रही कार पेड़ से टकरायी, दूल्हे के पिता समेत दो की मौत

गुमला स्थित पालकोट थाना क्षेत्र के काली मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये. दुर्घटना उस समय हुई जब बारात से लौट रही एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी. जानकारी के अनुसार बसिया प्रखंड के लोंगा गांव से गुरुवार रात बारात कुम्हारी गयी थी. शनिवार सुबह करीब छः बजे से सात बजे के बीच बारात लौटने के दौरान पालकोट के काली मंदिर के समीप चालक को झपकी आ गयी. जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया.

हादसा इतना भीषण था कि वाहन चला रहे कलेश्वर साहू (लोंगा, बसिया निवासी) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना में दीनबंधु साहू (सिल्ली, बसिया) गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर किया गया था, लेकिन भरनो के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. वहीं बालमुकुंद साहू (75 वर्ष, लोंगा), मनोज ठाकुर (55 वर्ष, कलिंगा), रामदरस पांडेय (53 वर्ष, लोंगा) और संदीप साहू (28 वर्ष, मकुंदा नरकोपी) घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पालकोट पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *