चैनपुर में दो हत्या, पुत्र ने पिता व पति ने पत्नी की हत्या की
गुमला के चैनपुर प्रखंड में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या कर दी गयी. पुलिस ने दोनों मामले में हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पहली घटना में पुलिस के अनुसार कुरूमगढ़ थाना कांड संख्या 07/2026 में पुत्र द्वारा पिता को धक्का देने से गंभीर चोट लगने और बाद में पिता की मृत्यु होने के मामले में कार्रवाई की गयी. इस मामले में पुलिस द्वारा कुटमा असुरटोली निवासी बिरसु असुर के पुत्र कार्तिक असुर को गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद कार्तिक असुर ने अपने पिता बिरसा असुर को धक्का दे दिया था. जिससे उसकी मौत हो गयी. इसके बाद पुलिस ने कार्तिक असुर को गिरफ्तार कर लिया है.
वहीं दूसरे मामले में कुरूमगढ़ थाना कांड संख्या 08/2026 में पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने सकरा गांव निवासी बुधु मुंडा के पुत्र गोवर्धन मुंडा को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि गोवर्धन मुंडा ने अपनी पत्नी बिरसमुनी देवी की हत्या कर दिया. गोवर्धन नशे की हालत में था. तभी पति व पत्नी में विवाद हो गया. विवाद बढ़ने के बाद गोवर्धन ने बिरसमुनी को पीट कर मार डाला. कुरूमगढ़ पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
