मेहमानी से लौट रहे टेंपों व बाइक में टक्कर, नौ लोग घायल
गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र के कोंडेकेरा गांव के समीप शनिवार को टेंपो और बाइक की टक्कर में चार बच्चे समेत नौ लोग घायल हो गये. तीन घायलों की हालत गंभीर है. घायलों में टेंपों में सवार गरई निवासी टेंपों चालक प्रकाश कुमार साहू, विकास कुमार साहू, बीनुनी कोनगाड़ी, आयुष साहू, दिव्या कुमार, अंश साहू, अंशिका कुमारी एवं बाइक सवार तोरपा के बिरता जरकाटोली निवासी युवक सुमन तोपनो व युवती मगदली तोपनो शामिल हैं.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग टेंपों में सवार होकर मेहमानी में खूंटी गये हुए थे. मेहमानी के बाद वापस अपने गांव गरई लौटने के दौरान कोंडेरा गांव के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही बाइक से टेंपों की सीधी टक्कर हो गयी. दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कामडारा पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कामडारा पहुंचाया. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ सुप्रिया एक्का भी अस्पताल पहुंची.
इसी बीच गंभीर रूप से घायल तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. लेकिन रिम्स रेफर किये गये घायलों को ले जाने के लिए अस्पताल में 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं था. सीओ ने एंबुलेंस के लिए कभी सिविल सर्जन तो कभी कॉर्डिनेटर नवीन चंद्रा के मोबाइल पर फोन लगाया. लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो पाया. बाद में काफी प्रयास के बाद एक एंबुलेंस चालक से मोबाइल पर बात हुई तो उसे अस्पताल बुलाया गया. जहां पहले तो एंबुलेंस चालक को जमकर खरीखोटी सुनायी गयी. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए रिम्स भिजवाया गया.
