गुमला

टोटो सहित पांच गांवों में शान-ओ-शौकत के साथ निकला मुहर्रम जुलूस

गुमला के टोटो सहित आसपास के क्षेत्रों बसुआ, फोरी, महुआ टोली और भुवालटोली में 10वीं मुहर्रम पर पारंपरिक आस्था, अनुशासन और भाईचारे के साथ भव्य मुहर्रम जुलूस निकाला गया. देर शाम करीब छह बजे शुरू हुआ जुलूस विभिन्न गांवों और मुख्य मार्गों से गुजरते हुए देर रात तक टोटो मुख्य मार्ग पर पहुंचा. जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. जुलूस में आकर्षक ताजियों का प्रदर्शन किया गया. अखाड़ों के युवाओं ने लाठी, तलवार, भाला तथा अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ नुमाइशी खेल और हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किये.

ढोल-ताशों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच युवाओं का जोश और अनुशासन देखने लायक था. रास्ते भर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और ताजियों के दीदार के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. मुहर्रम जुलूस में एसडीओ, एसडीपीओ तथा थाना प्रभारी कुंदन कुमार भी शामिल हुए. स्थानीय कमेटी की ओर से अतिथियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया. अधिकारियों ने जुलूस में शामिल लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *