संस्कृति

Video: मुहर्रम पर अम्बवा में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, थाना प्रभारी ने दिया भाईचारे और शांति का संदेश

गुमला सदर प्रखंड के अम्बवा पंचायत में मुहर्रम के अवसर पर मातमी धुनों के बीच सेंट्रल मोहर्रम कमिटी के सदर सलमान अंसारी के नेतृत्व में पारंपरिक जुलूस निकाला गया. जुलूस छोटा अम्बवा से शुरू होकर बड़ा अम्बवा होते हुए मेला डाँड़ पहुंचा. पूरे मार्ग में युवकों की टोली ढोल-ताशों की धुन पर पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब और नुमाइशी खेल का प्रदर्शन करती रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. जुलूस के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव एवं प्रभारी थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौजूद रहे. इस अवसर पर मुहर्रम कमिटी की ओर से दोनों अधिकारियों का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया. मुहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही और अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

इस अवसर पर प्रभारी थाना प्रभारी विनय कुमार ने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है. सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और एक-दूसरे के सम्मान की भावना के साथ मिल-जुलकर रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें, कानून का पालन करें और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि गुमला की पहचान हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी एकता रही है, जिसे हर हाल में बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. मौके पर अंजुमन के सदर मकबूल अंसारी, सचिव यासीन अंसारी, मनसूब अंसारी, मोजाहिर अंसारी, कैसर अंसारी, मकसूद अंसारी, ईदुल अंसारी, मिनहाज अंसारी, अमानत अंसारी, इश्माएल अंसारी समेत कई ओहदेदार उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *