एसआइआर अभियान के तहत कांग्रेस अध्यक्ष ने बूथों का किया निरीक्षण, बीएलए की सक्रियता का लिया जायजा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान-2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की प्रथम बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया. इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि एवं दिशा सदस्य राजनील तिग्गा ने गुमला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर बीएलए के कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 207, 208, 209, 210, 152, 149 एवं 150 पर पहुंचकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया.
उन्होंने बीएलए से मतदाता सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही अभियान को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया. राजनील तिग्गा ने कहा कि एसआइआर अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है. कांग्रेस का प्रत्येक बीएलए पूरे अभियान के दौरान अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची का गहन सत्यापन करेगा. ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे और सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी की गुंजाइश न बचे.
विधानसभा प्रभारी अजय शर्मा ने कहा कि एसआइआर अभियान में बीएलए की भूमिका सबसे अहम है. सभी कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से बूथों पर उपस्थित रहने, मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कराने तथा नये मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरे अभियान की बूथ स्तर पर लगातार निगरानी करेगा. निरीक्षण के दौरान जिला उपाध्यक्ष सुजीत जायसवाल, प्रखंड प्रभारी विजय ठाकुर, प्रखंड अध्यक्ष गुलाम सरवर सहित बीएलए-2 संगियस तिर्की, दिलीप भगत, रोशन प्रकाश, नेहा तिग्गा, तुरतन, राजदीप कुजूर, जयंती कुजूर, दिव्य पूनम टोप्पो, फुलवती कुजूर, सारोन सोरेंग समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
