गुमला

आंजनधाम में पूजा कर लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत, घाटी की सड़क में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलटी

गुमला के आंजन धाम में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे दंपती की मंगलवार को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी. बताया जाता है कि रास्ते में अचानक मवेशी आने से उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित कुंदगढ़ी निवासी लक्ष्मी उरांव (38 वर्ष) एवं उनके पति गुरुदत्त उरांव (42 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, दोनों मंगलवार को भगवान हनुमान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिये आंजन धाम गये थे. पूजा संपन्न करने के बाद वे स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक मवेशी आ जाने से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया. दुर्घटना में दोनों को गंभीर चोटें आयी. जिससे उनकी मौत हो गयी.

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. हादसे के बाद मृतक दंपती के घर में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि दोनों पर परिवार की जिम्मेदारियां थीं और उनके असमय निधन से आश्रितों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर मवेशियों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिये आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. साथ ही आंजनधाम के प्रवेश द्वार के पास घाटी की सड़क पर ठोकर बनाने व एक एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है. आंजनधाम समिति के मुकेश कुमार ने कहा है कि यहां आये दिन हादसे होते हैं. ऐसे में मरीजों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत होती है. अगर एंबुलेंस यहां रहेगा तो हादसे के तुरंत बाद घायल को अस्पताल ले जाने में  आसानी होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *