गुमला

मोबाइल रिचार्ज नहीं होने से नाराज छात्र घर छोड़कर भागा

गुमला सदर थाना के बम्हनी से एक 13 वर्षीय छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, मोबाइल रिचार्ज नहीं होने से नाराज छात्र घर से निकला था और पिछले दो दिनों से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं. लेकिन सफलता नहीं मिलने पर गुमला थाना में आवेदन देकर पुलिस से बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है.

बम्हनी निवासी बेरोनिका कुजूर ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि वह मूल रूप से चैनपुर प्रखंड की रहने वाली हैं और पिछले कुछ वर्षों से बम्हनी में किराये के मकान में रह रही हैं. उनका 13 वर्षीय पुत्र बेसबिन कुजूर गुमला के डॉन बॉस्को स्कूल में पढ़ाई करता है. परिजनों के अनुसार, 28 जून की दोपहर बेसबिन घर से करीब 6,500 रुपये लेकर यह कहकर निकला कि वह कैफे जा रहा हैं. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका.

परिवार का कहना है कि बेसबिन पिछले कुछ दिनों से मोबाइल रिचार्ज नहीं होने को लेकर नाराज चल रहा था. आशंका जतायी जा रही है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर वह घर छोड़कर कहीं चला गया. गुमला पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *