गुमला

मॉडल कॉलेज : शिक्षकों की कमी से जूझ रहा मॉडल डिग्री कॉलेज, नये सत्र में नहीं हुआ एक भी नामांकन

गुमला के घाघरा प्रखंड स्थित अरंगी गांव में 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मॉडल डिग्री कॉलेज में शिक्षकों की कमी है. इस कारण यहां छात्रों का नामांकन नहीं हो रहा है. वर्ष 2022 में पांच एकड़ भूमि पर बने इस कॉलेज का उद्घाटन बड़े सपनों के साथ किया गया था. लेकिन वर्तमान में यह कॉलेज छात्रों की घटती संख्या के कारण शोपीस बनकर रह गया है. कॉलेज परिसर में भवन, बेंच-डेस्क तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित है. लेकिन पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने और प्रखंड मुख्यालय से अत्यधिक दूरी के कारण यहां विद्यार्थियों की रुचि लगातार कम होती जा रही है. सत्र 2022-26 में 130 से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था. इसके बाद 2023-27 में 86 और 2024-28 में मात्र 30 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ.

स्थिति इतनी गंभीर हो गयी है कि सत्र 2025-29 में अब तक एक भी छात्र ने नामांकन नहीं कराया है. महाविद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास और राजनीति शास्त्र की पढ़ाई होनी है. लेकिन वर्तमान में केवल हिंदी और अंग्रेजी विषय के दो गेस्ट लेक्चरर ही कार्यरत हैं. पहले चार गेस्ट लेक्चरर थे. जिनमें से दो ने इस्तीफा दे दिया. जबकि विभिन्न संकायों में शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के कई पद स्वीकृत हैं. लेकिन नियमित नियुक्ति एक भी नहीं हुई है.

महाविद्यालय के समन्वयक ने कहा

महाविद्यालय के समन्वयक अमिताभ भारती ने बताया कि कॉलेज तक पहुंचने के लिये सार्वजनिक यात्री वाहनों की सुविधा नहीं है. घाघरा से कॉलेज आने-जाने में विद्यार्थियों को करीब 40 रुपये प्रतिदिन खर्च करने पड़ते हैं. जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिये पढ़ाई जारी रखना कठिन हो जाता है. उन्होंने सरकार से छात्र-छात्राओं के लिये यात्रा कूपन योजना लागू करने तथा कॉलेज को इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी और सरकार द्वारा स्थापित इस हाईटेक कॉलेज का उद्देश्य भी पूरा हो सकेगा.

नामांकन की स्थित

-सत्र 2023-27 में 86 और 2024-28 में मात्र 30 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ.
-सत्र 2025-29 में कॉलेज में अब तक एक भी छात्र ने नामांकन नहीं कराया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *