राजनीति

कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजनील ने कहा- लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बिशुनपुर विधानसभा के घाघरा प्रखंड अंतर्गत चुंदरी एवं नवडीहा पंचायत के बूथ संख्या 195, 194, 189, 190 और 191 का कांग्रेस नेताओं ने निरीक्षण किया. इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन्हें निर्वाचन पदाधिकारी को अवगत कराया गया. निरीक्षण के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाये.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटा रहे हैं तथा मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर कराने का प्रयास कर रहे हैं. राजनील तिग्गा ने कहा, लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है. कांग्रेस का प्रयास है कि एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी भी नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो. जहां भी मतदाता सूची में गड़बड़ी या शिकायतें मिल रही हैं. उन्हें तत्काल निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष रखा जा रहा है.

सपोर्ट कोऑर्डिनेटर स्टेट टीम के अनिरुद्ध चौबे ने कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट को बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का प्रशिक्षण दिया. कार्यक्रम में घाघरा प्रखंड अध्यक्ष आदित्य भगत, रूपेश कुमार, दिलशाद अंसारी सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *