पत्नी के प्रेमी संग जाने से टूटा पति, फांसी लगाकर दी जान
गुमला जिला स्थित चैनपुर थाना के बेंदोरा कुलाहीटोली गांव में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का एक दुखद अंत सामने आया है. कथित पत्नी के दूसरी बार दूसरे युवक के साथ चले जाने से आहत 30 वर्षीय विभीषण तुरी ने शनिवार की शाम अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में शोक है. पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार विभीषण तुरी पिछले करीब पांच वर्षों से गांव की एक युवती के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था. दोनों के एक पुत्र और एक पुत्री है. परिजनों के अनुसार इसी वर्ष दोनों का सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराने की तैयारी भी चल रही थी. इस बीच विभीषण रोजगार की तलाश में पहले आंध्र प्रदेश और बाद में रांची में मजदूरी करने चला गया. इसी दौरान उसकी कथित पत्नी की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से बसिया निवासी जलसू मांझी से पहचान हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला दो माह पूर्व उसके साथ चली गयी थी. विभीषण ने काफी खोजबीन के बाद उसे वापस चैनपुर लेकर आया था. हालांकि शनिवार सुबह महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर फिर उसी युवक के पास चली गयी.
बताया जाता है कि पत्नी के जाने के बाद विभीषण ने उसे कई बार फोन कर वापस लौटने की अपील की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया. शाम करीब सात बजे वह अपने कमरे में गया और रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी. मृतक के साला सुधीर तुरी ने बताया कि रात करीब आठ बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा. अंदर विभीषण का शव फंदे से लटका मिला. सूचना मिलने पर चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
