गुमला

गुमला में अधूरा रोड-नाली निर्माण बना मुसीबत, सड़क पर बिखरी सामग्री से लोग परेशान

गुमला शहर के संवेदकों ने कार्यपालक पदाधिकारी (इओ) नगर परिषद (नप) गुमला से नप के विकास से संबंधित कार्यों को बंद करने संबंधी निर्गत पत्र को अविलंब निरस्त करते हुए कार्य को सुचारू रूप से चालू करने का आदेश निर्गत करने की मांग की है. इस मांग को लेकर संवेदकों ने इओ हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त गुमला, नप अध्यक्ष, नप उपाध्यक्ष व संवेदक संघ के अध्यक्ष को भी दिया गया है. संवेदकों ने ज्ञापन में कहा है कि में इओ के पत्रांक 1595 दिनांक एक जुलाई 2026 के आधार पर नप क्षेत्र में पथ एवं नाली निर्माण कार्य पर रोक लगा दिया गया है. नाली एवं कल्वर्ट निर्माण कार्य में कहीं खुदाई का कार्य हो गया तो कहीं छड़ का कार्य हो गया है. सड़क निर्माण कार्य में जेसीबी से रोड का खुदाई कर दिया गया है.

रोड निर्माण में जगह-जगह कल्वर्ट का भी प्रावधान है. उसकी भी खुदाई हो चुकी है. बहुत सारे कार्य स्थल ऐसी जगह पर है, जहां विद्यालय, अस्पताल, आवासीय क्षेत्र, धार्मिक क्षेत्र है. कार्य बंद होने की स्थिति में निर्माण सामग्री कार्यस्थल पर ही जगह-जगह पर पड़ा हुआ है. लेकिन वर्तमान में कार्य बंद होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी हुई है. जगह-जगह पर निर्माण सामग्री पड़े होने आवागमन भी बाधित है और निर्माण सामग्रियों के क्षति व चोरी होने की संभावना है.

संवेदकों ने यह भी संभावना व्यक्त किया है कि कार्य बंद होने से उससे होने वाली परेशानी के कारण जन आक्रोश भड़क सकता है. संवेदकों ने ज्ञापन में स्पष्ट कहा है कि ऐसी स्थिति में यदि दुर्घटना होती है अथवा सामग्रियों की क्षति व चोरी होती है तो इसकी सारी जवाबदेही नप की होगी. ज्ञापन देने वालों में मेसर्स शर्मा इंटरप्राइजेज, मेसर्स जागृति कंस्ट्रक्शन, मेसर्स अंजली कंस्ट्रक्शन, यशवंत सिंह, अनिकेत कुमार गुप्ता, अशोक कुमार, अरुण कुमार गुप्ता, आसिफ जफर, मोहम्मद शमीम खान आदि हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *