गुमला

Video : वन विभाग के ट्रेंच में गिरने से जंगली भालू की मौत, पोस्टमार्टम के बाद भालू को दफनाया गया

गुमला के बसिया प्रखंड के महादेव कोना स्थित वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में बनाये गये ट्रेंच (गड्ढे) में गिरने से एक जंगली भालू की मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया. जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ग्रामीण जंगल में लकड़ी चुनने गये थे. इसी दौरान उनकी नजर ट्रेंच में पड़े एक मृत जंगली भालू पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पहुंची और भालू के शव को वन परिसर लेकर आयी. वन परिसर में पशुपालन विभाग की टीम ने भालू का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद वन विभाग द्वारा शव को दफना दिया गया.

वनपाल शेखर सिंह ने बताया कि भालू की पीठ पर चोट के निशान मिले हैं. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भालू की मौत किसी हमले के कारण हुई या ट्रेंच में गिरने अथवा अन्य प्राकृतिक कारणों से हुई. मौके पर बीएचओ सूर्यवंश ठाकुर, टीवीएचओ रूपा लकड़ा, मनोज प्रसाद, सोमरा उरांव सहित वन विभाग के कई कर्मचारी मौजूद थे. इधर, जंगली भालू के मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने पहुंच गये. ग्रामीणों के अनुसार भालू काफी बड़ा और वृद्ध था. स्थानीय लोगों ने बताया कि समीप स्थित तिर्रा पहाड़ में कई वर्षों से जंगली भालुओं का विचरण होता रहा है और पूर्व में भी कई बार ग्रामीणों ने वहां भालुओं को देखा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *