गुमला उपायुक्त के नाम जनता का मार्मिक पत्र, साहब- पीने का पानी चाहिए
गुमला शहर की जनता ने उपायुक्त को मार्मिक पत्र लिखा है. पत्र लिखकर प्रशासन से पीने के पानी की मांग किया है. साथ ही सप्लाई पानी की व्यवस्था नहीं होने से उत्पन्न समस्या की भी जानकारी दी है. दरअसल, गुमला शहर के पालकोट रोड में आजतक सप्लाई पानी के लिए पाइप लाइन बिछा हुआ नहीं है. जिस कारण लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है. उपायुक्त को लिखे मार्मिक पत्र में जनता ने कहा है कि गुमला शहर के वार्ड नंबर 20, 21 व 22 पालकोट रोड की जनता दुखी है. असहाय है. पीड़ित है. फरियाद लगाकर थक गये. लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है. नगरपालिका गठन के 20 वर्ष बीत गये. लेकिन आज तक पीने के पानी की व्यवस्था वार्ड नंबर 20, 21 व 22 पालकोट रोड में नहीं हुई. क्योंकि, इन तीनों वार्ड के मुहल्लों में पाइप लाइन बिछा हुआ नहीं है.
कई बार प्रशासन से अनुरोध किया गया. नगर परिषद को आवेदन लिखा गया. जनप्रतिनिधियों से गुहार लगायी. विधायक को समस्या बताया. लेकिन पानी संकट की समस्या जस की तस बनी हुई है. पानी नहीं मिलने से जनता परेशान है. लाचारी में जी रहा है. इस दुख में कोई तो हमारा तारणहार बनें. अब तो हम जनता गुहार लगाकर, अनुरोध करके थक चुके हैं. गुमला उपायुक्त से प्रार्थना है. पालकोट रोड में पानी का पाइप लाइन बिछाया जाये. ताकि सुचारू रूप से सप्लाई पानी मिल सके. पानी मिलेगा. तभी जनता की भलाई होगी.
सरकार टैक्स ले रही है तो हमें पानी दें
पालकोट रोड निवासी दिलीप ठाकुर, प्रदीप कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार साहू, संतोष सिंह, नकुल प्रसाद, घनश्याम, चंद्रनाथ प्रसाद, रवि कुमार, दिलीप गुप्ता, रामनारायण पोददार, अजीत विश्वकर्मा, उमेश कुमार ने कहा कि गुमला शहर की जनसंख्या का 25 प्रतिशत आबादी पालकोट रोड सहित आसपास के गली मुहल्लों में घर बनाकर निवास कर रहा है. लेकिन दुर्भाग्य है. इस इलाके में आजतक पाइप लाइन बिछाया नहीं गया है. जबकि पालकोट रोड में रहने वाले लोग नगर परिषद के नियम व कानून के तहत टैक्स दे रहे हैं. टैक्स देने के बाद भी पानी नहीं मिलना यह दुखद बात है. लोगों ने कहा है कि जब सरकार टैक्स ले रही है तो हमें पानी दें.
गुमला शहर के पालकोट रोड में जलमीनार बनना था. जलमीनार बनाने के बाद पाइप लाइन बिछाने की योजना थी. लेकिन वर्षो गुजर गये. अबतक न तो जलमीनार बना. न ही पाइप लाइन बिछाया गया. जिसका नतीजा है. आज भी लोगों को नगर परिषद द्वारा सप्लाई पानी की व्यवस्था नहीं किया गया है. गुमला प्रशासन से अनुरोध है. जलमीनार बनाने व पाइप लाइन बिछाने में जो समस्या है. उसे दूर करते हुए पानी सप्लाई की व्यवस्था करें.
दिलीप नाथ साहू, गुमला
गुमला शहर के वार्ड नंबर 20, 21 व 22 पालकोट रोड की जनता ने एक फरियाद भरा पत्र मुझे सौंपा है. मेरे अलावा डीसी, नगर परिषद के इओ, अध्यक्ष, पार्षद सहित कई लोगों को आवेदन दिया गया है. लोगों ने पानी की जो मांग रखी है. वह सही है. पालकोट रोड में पानी सप्लाई नहीं हो रहा है. आखिर अबतक पाइप लाइन क्यों नहीं बिछा है. इस संबंध में बोर्ड की बैठक में सवाल किया जायेगा. जब जनता टैक्स दे रही है. तो पानी मिलना चाहिए.
रमेश कुमार चीनी, उपाध्यक्ष, नप
