गुमला

ऑक्सफोर्ड किड्स पब्लिक स्कूल में टैलेंट वीक, बच्चों ने दिखायी प्रतिभा

गुमला शहर के पालकोट रोड सरना टोली स्थित ऑक्सफोर्ड किड्स पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय टैलेंट वीक का समापन रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ. इसमें नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में बच्चों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर “अनेकता में एकता” का जीवंत संदेश दिया.

उद्घाटन मुख्य अतिथि सखी वन स्टॉप हेल्प लाइन सेंटर की हेड निश्मा रानी एवं विद्यालय की निदेशक सिमरन गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. टैलेंट वीक के दौरान बच्चों ने फैंसी ड्रेस, हिंदी एवं अंग्रेजी स्टोरी टेलिंग, भाषण, चित्रकला, आर्ट एंड क्राफ्ट, नृत्य, कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया. कई बच्चों ने राजस्थान, झारखंड, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, केरल समेत विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा पहनकर भारत की सांस्कृतिक विविधता को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया.

निश्मा रानी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं. सिमरन गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है. विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों की उस प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित मंच दिया जाये. कार्यक्रम में मालती कुमारी, आसिया परवेज, फरहत नाज, सीमा खाखा, कृति कुमारी, सुमन कुमारी, अनिता खलखो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *