गुमला

‘साजन चले ससुराल’ जैसी सच्ची कहानी, एक पति की तीन पत्नियां, मामला पहुंचा थाना

एक पति, तीन पत्नियां, झूठ पर झूठ, शहर बदलते रिश्ते और अंत में थाने तक पहुंचा मामला. यह घटनाक्रम सुनने में भले ही गोविंदा की चर्चित फिल्म ‘साजन चले ससुराल’ की कहानी जैसा लगे. लेकिन यह मामला गुमला जिले का है. जहां एक युवक पर तीन महिलाओं को अलग-अलग समय पर धोखे में रखकर संबंध बनाने के आरोप लगे हैं. अब पहली व तीसरी पत्नी न्याय की गुहार लेकर थाना पहुंची. जबकि आरोपी दूसरी पत्नी के साथ फरार बताया जा रहा है. तीसरी पत्नी ने खुद को चार माह की गर्भवती भी बताया है. जानकारी के अनुसार, घटगांव सतपारा घट्ठा निवासी कैलाश भगत की पहली शादी वर्ष 2017 में कोलपारा घट्ठा निवासी शिमला देवी से हुई थी. दोनों के तीन बच्चे हैं.

आरोप है कि इसके बाद उसने वर्ष 2019 में सरगांव की अनिमा देवी से भी संबंध बनाये और उसे किराये के मकान में अपने साथ रखा. इसी बीच फेसबुक और फोन के माध्यम से उसकी पहचान कोयनारा बड़काटोली निवासी सुकरमुनि कुमारी से हुई. आरोप है कि उसने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का भरोसा दिया और यह भी कहा कि उसकी कोई पत्नी नहीं है. जब पहली पत्नी का फोन आता था तो उसे “भाभी” बताकर बात टाल देता था. बाद में तीसरी पत्नी ने पहली पत्नी से संपर्क किया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. आरोप है कि युवक तीसरी पत्नी को लेकर गोवा चला गया. जहां बाद में दूसरी पत्नी भी पहुंच गयी.

गोवा पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी मामला नहीं सुलझा. कुछ दिन पहले वह दोनों महिलाओं को लेकर गुमला लौटा. लेकिन फिर तीसरी पत्नी को बस स्टैंड पर छोड़कर दूसरी पत्नी के साथ फरार हो गया. बताया जा रहा है कि उसने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया है. अब पहली और तीसरी पत्नी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यदि आरोप सही साबित होते हैं तो मामला सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि धोखाधड़ी और अन्य कानूनी पहलुओं से भी जुड़ सकता है. पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *