गुमला

ब्राउन शुगर की लत ने बनाया चोर, अस्पताल में चोरी करती महिला धराई

गुमला सदर अस्पताल में गुरुवार को एक महिला को मरीजों और उनके परिजनों का मोबाइल व पर्स चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. लोगों ने महिला को पकड़कर गुमला पुलिस के हवाले कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बुधवार की मध्य रात्रि करीब तीन बजे अस्पताल पहुंची और विभिन्न वार्डों में घूमती रही. तड़के सुबह करीब साढ़े चार बजे उसने इलाजरत अनीता देवी के बैग से रुपये निकालने का प्रयास किया. उसी समय वार्ड में मौजूद बच्ची जयमुनि कुमारी ने महिला को चोरी करते देख ली और शोर मचा दिया. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को पकड़ लिया.

पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि महिला ने सुरसांग निवासी इलाजरत कलिंदर लोहरा का मोबाइल फोन भी चुरा लिया था. तलाशी के दौरान मोबाइल बरामद कर लिया गया. घटना से नाराज लोगों ने महिला की हल्की पिटाई भी कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. इलाजरत मरीजों के परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी सदर अस्पताल के बाथरूम में एक महिला का पर्स मिला था. पर्स से करीब 10 हजार रुपये गायब थे. जबकि आधार कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य दस्तावेज बाथरूम में ही फेंक दिये गये थे.

लोगों को आशंका है कि उस घटना में भी इसी महिला या उसके साथियों का हाथ हो सकता है. हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी. सूत्रों की मानें तो पकड़ी गयी महिला बड़ाइक मुहल्ला की रहने वाली बतायी जा रही है. वह कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला ने पूछताछ में ब्राउन शुगर की लत के कारण चोरी करने की बात कही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *