गुमला

चर्चित केस : डॉक्टर के लॉकर से मिली चोरी की अंगूठी, मामले ने लिया नया मोड़

गुमला सदर अस्पताल की महिला डॉक्टर की सोने की अंगूठी की चोरी का चर्चिता मामला आखिरकार झूठ निकला. जिस अंगूठी की चोरी की शिकायत थाना तक पहुंचा था. दरअसल वह अंगूठी डॉक्टर के दराज में मिली. अब अंगूठी मिलने के बाद डॉक्टर के कार्यशैली व झूठी शिकायत पर सवाल खड़ा हो गया है. इस संबंध में सदर अस्पताल गुमला में कार्यरत सफाईकर्मी आशा देवी ने सिविल सर्जन डॉ शंभूनाथ चौधरी एवं अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनुपम किशोर को आवेदन सौंपकर उन पर अंगूठी चोरी का झूठा आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किये जाने की शिकायत की है.

हरिओम कॉलोनी निवासी आशा देवी ने बताया कि वह पिछले 13 वर्षों से सदर अस्पताल में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत हैं और उनके सेवा काल में कभी किसी प्रकार की शिकायत नहीं हुई है. आवेदन में उन्होंने कहा है कि 29 मई को डॉक्टर के रूम से एक कीमती अंगूठी गायब होने के बाद संदेह के आधार पर उनका नाम लिया गया. एक जुलाई को उन्हें इसकी सूचना देकर मौखिक पूछताछ की गयी. जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उन्हें मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा.


आशा देवी के अनुसार, आठ जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान संबंधित डॉक्टर के कमरे के लॉकर से वही अंगूठी बरामद हो गयी. जिसकी जानकारी उन्हें नौ जुलाई को दी गयी. इसके बावजूद उन पर लगाये गये संदेह से उन्हें गहरा आघात पहुंचा. आशा देवी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *