गुमला शहर में एसआइआर सत्यापन अभियान तेज, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का भी हुआ सत्यापन
गुमला नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों एसआईआर सर्वे एवं सत्यापन कार्य में तेजी लायी गयी है. नगर परिषद की टीम लगातार विभिन्न वार्डों और मोहल्लों का दौरा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा करने में जुटी है. इसी क्रम में बुधवार को नगर परिषद की विशेष टीम ने नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव एवं उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी का नियमानुसार एसआईआर सत्यापन सफलतापूर्वक संपन्न कराया. सत्यापन प्रक्रिया के दौरान सिटी मैनेजर हेलाल अहमद, रवि महतो एवं श्वेता कुमारी सहित संबंधित क्षेत्र की बीएलओ उपस्थित रहीं. टीम ने आवश्यक दस्तावेजों का मिलान करते हुए सर्वे प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया.
सत्यापन के बाद अध्यक्ष शकुंतला उरांव एवं उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने नगरवासियों से अपील की कि वे समय पर अपना एसआईआर सत्यापन कराएं और सर्वे टीम का पूरा सहयोग करें. उन्होंने कहा कि इससे नागरिक अभिलेखों की पारदर्शिता बढ़ेगी तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सुविधा होगी. नगर परिषद प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि शहर के सभी महत्वपूर्ण, वीआईपी एवं सामान्य आवासों में एसआईआर सत्यापन कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लिया जायेगा. प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया कि सर्वे टीम के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए सत्यापन कार्य में सहयोग करें.
