जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजे उर्मी और करौंदी, रथयात्रा मेले में उमड़े श्रद्धालु
गुमला शहर से सटे उर्मी व करौंदी में रथयात्रा मेला लगा. आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर आयोजित भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा गुरुवार को आस्था, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुई. सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद रथयात्रा शुरू हुई. जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान के रथ को खींचते हुए मौसीबाड़ी तक पहुंचाया. रथयात्रा के दौरान पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया.
मेले में दिखी रौनक
उर्मी व करौंदी में रथयात्रा के साथ लगे मेले में सुबह से देर शाम तक लोगों की भारी भीड़ रही. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी भरपूर आनंद उठाया. बच्चों के लिये डांसिंग झूला, बिजली झूला, गोलचकरी सहित विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाये गये थे, जिनका बच्चों ने जमकर आनंद लिया. वहीं नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. मेले में मिठाइयों की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही. खासकर प्रसिद्ध बालूशाही 120 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकी.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
रथयात्रा और मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. करौंदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिये जगह-जगह बैरिकेडिंग की गयी कर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वहीं गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक विशेष स्टॉल लगाकर लोगों को गौ संरक्षण का संकल्प दिलाया गया. इस दौरान वैतरणी पार करने के लिये गौ रक्षा के महत्व की जानकारी दी गयी तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया गया. अभियान में जय प्रकाश ओहदार, ब्रिज किशोर गोप, मयंक केशरी, आलोक कुमार, दीपक कुमार, प्रवीण गुप्ता, अमन कुमार, विकास केसरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
