गुमला में बालू चोरों की तलाश में रातभर चली छापेमारी, अवैध बालू लदा हाईवा पकड़ा गया
गुमला में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है. अब अधिकारी दिन-रात पुलिस बल के साथ नदी और घाटों पर छापेमारी कर रहे हैं। उपायुक्त के निर्देश पर जिले में अवैध बालू उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार रात एसडीओ अखिलेश कुमार के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स ने सिसई थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी की. टीम में सिसई के अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, खान निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. छापेमारी के दौरान रेड़वा गांव में ओलमुंडा से एनएच-43 की ओर जा रहे बालू लदे एक हाईवा को रोका गया. जांच में चालक बालू परिवहन का कोई वैध चालान नहीं दिखा सका, जिसके बाद वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई.
ऑनलाइन जेआइएमएमएस पोर्टल पर भी वाहन के नाम से कोई चालान निर्गत नहीं पाया गया. जांच में हाइवा पर लगभग 800 घनफीट बालू लदा मिला. पूछताछ के दौरान चालक वाहन सहित भागने का प्रयास करते हुए महूदा गांव के समीप सड़क किनारे बालू गिराने लगा, लेकिन पुलिस दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. बरामद बालू को स्थानीय चौकीदार की निगरानी में जिम्मेनामा पर सुरक्षित रखा गया है. एसडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि बिना वैध पट्टा या अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन और परिवहन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा संबंधित नियमावलियों के तहत दंडनीय अपराध है. उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इस मामले में वाहन चालक, खलासी एवं वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
