गुमला

भरनो में विकास और खेल को बढ़ावा, विधायक जिगा सुसारण होरो ने दिए दो बड़े संदेश

भरनो प्रखंड के बड़ा तुरीअंबा गांव में लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है. विधायक जिगा सुसारण होरो की पहल पर गांव में 200 केवीए क्षमता का नया बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया. विधायक ने फीता काटकर ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया और नियमित बिजली आपूर्ति की शुरुआत करायी.

ग्रामीणों ने बताया कि गांव का पुराना ट्रांसफार्मर कई महीनों से खराब पड़ा था, जिसके कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी. कई बार मांग उठाने के बाद विधायक के प्रयास से नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिससे अब गांव में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकेगी. इस अवसर पर मुखिया बिनीता एक्का सहित ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से लोगों को बड़ी राहत मिली है.

इसके बाद विधायक जिगा सुसारण होरो मलगो के जंगली टोली में आयोजित हॉकी टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच का शुभारंभ किया. खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है तथा उन्हें सकारात्मक दिशा देता है. कार्यक्रम में विधायक के निजी सहायक अभिषेक लकड़ा, थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा, मुखिया जयराम उरांव, शमशाद खान, जहांगीर आलम, अनिल उरांव सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *