Video : गुमला में देश की रक्षा करने वाले जवान से 21.37 लाख की ठगी, अब एसपी-डीसी से लगाई न्याय की गुहार
गुमला में सेना के जवान से 21.37 लाख रुपये की ठगी हुई है. उन्होंने एसपी और डीसी से न्याय की गुहार लगायी है. जमीन सौदे के नाम पर ठगी की गयी. समझौते के बाद भी पूरी राशि नहीं मिलने पर सैनिक परिवार ने कार्रवाई की मांग की. इस संबंध में मंगलवार को सेना का जवान अपनी पत्नी के साथ न्याय की गुहार लगाने के लिये उपायुक्त दिलेश्वर महतो और पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां के कार्यालय का दरवाजा खटखटाया. जवान मुकेश उरांव की पत्नी सुमित्रा कुमारी तथा आइटीबीपी में तैनात जवान तेलंगा उरांव की पत्नी सरोज सपना कुमारी ने अधिकारियों को आवेदन सौंपकर जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर हुई ठगी में शेष राशि दिलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. दोनों महिलाओं ने बताया कि उनके पति देश की सेवा में तैनात हैं. इसलिए बार-बार छुट्टी लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं हो पाता.
क्या है पूरा मामला
आवेदन के अनुसार करौंदा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान मुकेश उरांव और आइटीबीपी जवान तेलंगा उरांव के नाम पर पुग्गू मौजा की जमीन के सौदे में कथित रूप से 21 लाख 37 हजार 500 रुपये की ठगी की गयी है. शिकायत के बाद गुमला थाना में कांड संख्या 385/25, दिनांक 27 नवंबर 2025, बीएनएस की धारा 316(2), 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज हुआ है. थाना में समझौते के दौरान ख्रिस्तीना खलखो, अर्जुन सिंह, आशीष रंजन और कृष्णा उरांव द्वारा लगभग 5.86 लाख रुपये लौटाया गया. लेकिन शेष राशि अब तक नहीं मिली. आवेदन में ख्रिस्तीना खलखो, अर्जुन सिंह, बुद्धेश्वर उरांव, अशोक लकड़ा, कृष्णा उरांव और राजेश कुजूर सहित अन्य पर कार्रवाई की मांग की गयी है.
मानसिक तनाव में परिवार
सुमित्रा कुमारी और सरोज सपना कुमारी ने आवेदन में कहा है कि कथित ठगी के कारण उनका परिवार गंभीर आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से गुजर रहा है. उन्होंने बताया कि कई बार थाना में आवेदन देने और समझौता होने के बावजूद शेष राशि वापस नहीं मिली. दोनों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर मेहनत की कमायी वापस दिलाने तथा मामले में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.
