चयनित बुजुर्ग ध्यान दें! कल चैनपुर में मुफ्त मिलेंगे सहायक उपकरण, बीडीओ ने की खास अपील
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर:भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ के तहत गुमला जिले के वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कल एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है. एलिम्को (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम) द्वारा पूर्व में चैनपुर में विशेष परीक्षण शिविर लगाए गए थे. इन शिविरों में विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच कर शारीरिक रूप से अक्षम अथवा कमजोर बुजुर्गों को चिन्हित किया गया था. अब उन सभी चयनित लाभार्थियों के बीच निशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा. यह भव्य वितरण कार्यक्रम कल, यानी दिनांक 22 जुलाई 2026 को प्रखंड मुख्यालय, चैनपुर के प्रांगण में सुबह 10:00 बजे से आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं ताकि बुजुर्गों को उपकरण प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
बीडीओ ने की विशेष अपील: इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) श्री यादव बैठा ने सभी चयनित बुजुर्गों और उनके परिजनों से विशेष अपील जारी की है. बीडीओ श्री यादव बैठा ने कहा, “यह योजना हमारे वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए है. सभी चिन्हित लाभार्थी कल सुबह 10 बजे तक हर हाल में चैनपुर प्रखंड मुख्यालय पहुँच जाएँ. साथ ही, वे डॉक्टरों और विशेषज्ञों की टीम द्वारा पूर्व में दी गई ‘परीक्षण पर्ची’ (जांच स्लिप) को अपने साथ लाना बिल्कुल न भूलें, क्योंकि बिना पर्ची के उपकरण का मिलान और वितरण संभव नहीं हो पाएगा.
“हेल्पलाइन नंबर जारी: प्रशासन ने लाभार्थियों की सुविधा और किसी भी प्रकार की भ्रांति या समस्या के समाधान के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी सार्वजनिक किए हैं. यदि किसी लाभार्थी को कार्यक्रम स्थल, समय या दस्तावेजों से जुड़ी कोई भी जानकारी चाहिए, तो वे सीधे टोल-फ्री नंबर 18001805129 अथवा मोबाइल नंबर 9515938833 पर संपर्क कर सकते हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे अपने आस-पास के चिन्हित लाभार्थी,बुजुर्गों को इस कार्यक्रम की जानकारी देकर कल समय पर पहुँचाने में मदद करें.
