‘अस्पताल सुधारे प्रशासन’, चैनपुर के लोगों ने डीसी के सामने रखीं गंभीर समस्याएं
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर अनुमंडलीय जागरूकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा के नेतृत्व में गुमला उपायुक्त से मुलाकात कर चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की कई गंभीर समस्याओं से अवगत कराया.
प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में इलाज के अभाव में हुई शिवानी कुमारी की मौत का मामला उठाया और कहा कि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. ज्ञापन में अस्पताल में 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने, पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था करने, जरूरी दवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराने, डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, आधुनिक पैथोलॉजी सुविधा शुरू करने और अस्पताल में होने वाली अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की गयी. इसके अलावा दोषी लोगों पर कार्रवाई करने तथा गरीब परिवारों को आपातकालीन इलाज और अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता देने की भी मांग रखी गयी.
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और स्वास्थ्य व्यवस्था में जल्द सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया.
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने किया. इस दौरान मंच के संरक्षक अल्बर्ट तिग्गा, रघुनंदन प्रसाद, जेम्स रोजलियुस तिग्गा, उपाध्यक्ष अनूप संजय टोप्पो, प्लासिदियूस टोप्पो, सचिव अनिल लोहरा, कोषाध्यक्ष मनोहर बड़ाईक, उपसचिव प्रमोद खलखो, मुखिया शोभा देवी, ललित मिंज, अशोक सिंह, उषा लिमा तिग्गा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा.
