आने वाली पीढ़ियों के लिए बचानी होगी धरती, फादर मनोहर ने की अपील
संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय गुमला में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वन पतरा महोत्सव (12 से 18 जुलाई) का आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से वृक्षारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास के तहत विगत एक दशक पूर्व से विद्यालय में आयोजित होते आ रहे इस आयोजन में विद्यालय के इको क्लब, भारत स्काउट एवं गाइड तथा शिक्षकों व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते रहे हैं.
इधर, इस वर्ष महोत्सव के दौरान उच्च विद्यालय एवं इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच लगभग 700 आम, अमरूद, जामुन, नींबू सहित विभिन्न प्रकार के फलदार एवं इमारती वृक्षों के पौधों का वितरण किया गया. वितरण में शिक्षकों, इको क्लब के सदस्यों तथा भारत स्काउट एवं गाइड ने सराहनीय योगदान दिया. इसके साथ ही विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया.
समापन के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर मनोहर कुमार खोया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और निरंतर देखरेख करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधा भविष्य का एक विशाल वृक्ष है, जो पर्यावरण को संतुलित और जीवन को सुरक्षित बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा.
उन्होंने कहा कि धरती हमारा सामूहिक घर है. इसे सुरक्षित और स्वस्थ बनाये रखना हम सब की जिम्मेवारी है. अभी के समय में अधिक से अधिक वृक्ष लगाना तथा उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. पेड़-पौधे धरती के फेफड़े हैं. इन्हीं के कारण पर्यावरण शुद्ध रहता है और समस्त जीव-जगत का जीवन सुरक्षित रहता है.
