पब्लिक मुद्दा: वैतरणी पार करा दीजिए हुजूर! पानी में डूबी सड़क पर रोज दांव पर लगती है जिंदगी, देखें वीडियो
गुमला नगर परिषद के बीचों-बीच स्थित डीएसपी रोड का पिछला हिस्सा बारिश से हर साल टापू में तब्दील हो जाता है. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के मुख्य गेट पर पानी जमा होने से सड़क पर तालाब जैसा नजारा बन गया है. लगभग चार महीने तक रहने वाले इस जलजमाव के कारण शनिवार की सुबह एक गोवंश (गाय) की मौत भी हो गयी, जिसे बाद में नगर परिषद ने उठवाया. इस नरकीय स्थिति से परेशान लोग अब प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि हुजूर हमें भी इस वैतरणी से पार करा दीजिये. एक ओर विद्यालय प्रबंधन नगर परिषद व मोहल्ले वासियों के रार को इसका प्रमुख कारण मानता है तो दूसरी ओर मोहल्ले वाले इस समस्या के लिये विद्यालय प्रबंधन को ही जिम्मेदार बता रहे हैं. ऐसे में समस्या के समाधान के लिये किसी भी निर्णायक स्थिति तक पहुंचने में बाधा खड़ी हो रही है.
ज्ञात हो कि विद्यालय में लगभग पांच हजार बच्चे तथा मुहल्ले में रहने वाले लगभग एक हजार की आबादी इस दुर्दशा के कारण नारकीय जीवन बिताने को मजबूर है. हालांकि दोनों पक्षों को मिलकर आपसी रंजिश खत्म करनी होगी. ताकि नाली निर्माण का रास्ता साफ हो सके. जिससे लोगों को इस नारकीय टापू जैसी जिंदगी से मुक्ति मिल सकेगी. ज्ञात हो कि इस समस्या के समाधान के लिये नाली निर्माण का टेंडर कुछ दिन पूर्व ही निकाला गया था. बरसात बाद काम शुरू होने की बात भी सामने आ रही है.
विद्यालय के आचार्य सुदर्शन शर्मा ने कहा कि जलजमाव से बच्चे, अभिभावक और शिक्षक सभी बेहद परेशान हैं. किसी तरह पत्थर और ईंट बिछाकर बच्चों को पार कराया जाता है. थोड़ी सी चूक होने पर बच्चे कमर भर पानी में गिर जाते हैं. समस्या के स्थायी समाधान के लिये विद्यालय प्रबंधन का सहयोग करें.
आचार्य सुदर्शन शर्मा
अधिवक्ता रविंद्र सिंह ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि पूरे जिले के बच्चे यहां पढ़ते हैं. लेकिन स्कूल का पानी ही सड़कों पर आकर जमा हो जाता है. जिसे प्रबंधन नजरअंदाज कर रहा है. उन्होंने साथ मिलकर समस्या के समाधान करने की अपील की है.
रविंद्र सिंह
मोहल्लेवासी अशोक लाल ने कहा कि पिछले साल जेसीबी से मिट्टी हटायी गयी थी. लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा दोबारा मिट्टी भरने से यह स्थिति बनी है. विकास में स्कूल ही बाधक है. हम जल्द ही वार्ड पार्षद के साथ स्कूल प्रबंधन से मिलेंगे. ताकि समस्या का ठोस समाधान हो सके.
अशोक लाल
मोहल्ले के शुभम नवल सिंह ने कहा है कि गंदगी व जहरीले जीवों से बच्चों व मोहल्ले वासियों के लिये काफी खतरा बढ़ गया है. विद्यालय प्रबंधन के समाधान के लिये विद्यालय प्रबंधन व मोहल्ले वासियों के बीच वार्ता जरूरी है. रोड व नाली बनने से राहत मिलेगी.
शुभम नवल सिंह
