गुमला

सात हजार रुपये के विवाद में दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या, पत्थर से सिर कुचला

गुमला शहर से सटे पुग्गु खोपाटोली गांव में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. महज सात हजार रुपये के पुराने लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की सोते समय पत्थर के भारी सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 42 वर्षीय अनुभूषण टोप्पो के रूप में हुई है. हत्या का आरोप उसके करीबी दोस्त जगन्नाथ उरांव उर्फ बोचे पर लगा है. वारदात के बाद आरोपी खुद सदर थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, अनुभूषण टोप्पो और जगन्नाथ उरांव लंबे समय से एक-दूसरे के करीबी दोस्त थे. दोनों जून महीने में मुंबई से मजदूरी कर अपने गांव लौटे थे और यहां खेती-बाड़ी में जुटे हुए थे. दोनों के बीच पैसों का लेन-देन भी चल रहा था. बताया जाता है कि करीब पांच साल पहले अनुभूषण ने जगन्नाथ से सात हजार रुपये उधार लिए थे.  रुपये वापस नहीं करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी. इसी पुराने विवाद ने आखिरकार खौफनाक रूप ले लिया और दोस्ती का रिश्ता हत्या में बदल गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *