FCI गोदाम से धान बीज चोरी का मामला गरमाया, कृषि विभाग की शिकायत पर दो गिरफ्तार
गुमला के एफसीआई गोदाम से धान के बीज चोरी का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. पहले गोदाम संचालक की शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने पर सवाल उठ रहे थे. लेकिन अब कृषि विभाग की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
कृषि विभाग के प्रधान लिपिक गौतम द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि एफसीआइ गोदाम से चोरी होने की सूचना गोदाम संचालक द्वारा विभाग को दी गयी थी. सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया, जहां गोदाम में सेंधमारी और चोरी की घटना सही मिली. हालांकि विभाग ने अपनी शिकायत में यह स्पष्ट किया है कि गोदाम से कितनी मात्रा में धान बीज या अन्य सामग्री चोरी हुई है. इसका अभी आकलन नहीं हो सका है.
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और छापेमारी के दौरान दो आरोपियों रोहित सिंह और चरकु को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं तथा चोरी किया गया सामान कहां खपाया गया.
