राजनीति

गुमला : धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का जश्न, विजय मार्च के साथ फोड़े पटाखे, देखें Video

परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लंबे समय से उठ रही आवाज के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद गुमला में कांग्रेस ने विजय मार्च निकालकर इसे देश के लाखों छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत बताया. विजय मार्च का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी मानिकचंद साहू ने किया. कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष जय सिंह और रफी अली सह-प्रभारी के रूप में मौजूद रहे. विजय मार्च की शुरुआत स्थानीय स्टेडियम परिसर स्थित डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जलाकर की गयी. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगाते हुए विजय मार्च के रूप में टावर चौक पहुंचे. यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जमकर आतिशबाजी की गयी और छात्रों के संघर्ष को सलाम किया गया.

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों की आवाज को सबसे मजबूती से उठाने वालों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल रहे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं के सवाल को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बनने दिया. बल्कि संसद से लेकर सड़क तक उनके साथ खड़े होकर उनकी आवाज को बुलंद किया. राजनील तिग्गा ने कहा कि केवल शिक्षा मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है. परीक्षा व्यवस्था में ऐसी पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था तैयार करनी होगी, जिससे किसी विद्यार्थी की वर्षों की मेहनत पेपर लीक, अनियमितता या प्रशासनिक लापरवाही की भेंट न चढ़े.

जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी मानिकचंद साहू ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों और युवाओं की उस आवाज की जीत है. जिसे दबाने की कोशिश की गयी थी. उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों परिवार अपने बच्चों की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वर्षों तक मेहनत और आर्थिक त्याग करते हैं. ऐसे में परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता केवल एक परीक्षा को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को प्रभावित करती है. कार्यक्रम में सैय्यद खालिद, सगीर आलम, पंचम विलंग, अरुण कुमार, आजाद अंसारी, साहेब वसीम, अनिरुद्ध चौबे, रूपेश कुमार, मिनहाज खान, मनसूब अंसारी, मो इम्तियाज, रोहित राम, राजदीप कुजूर, मनोरंजन टोप्पो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *