गुमला

बड़ा हादसा टला! पालकोट में बस और ट्रेलर की भिड़ंत, 70 यात्री सुरक्षित, देखें वीडियो

गुमला-सिमडेगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दतली जलाशय के पास शनिवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. गुमला से डालमिया सीमेंट के डीलरों को लेकर पश्चिम बंगाल जा रही नागेंद्र बस की सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस चालक स्टेयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. तत्पश्चात, थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल चालक को एंबुलेंस से पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इलाज के लिये भेजा. हादसे के समय बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जो इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गये. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क जाम में फंसे सभी तीर्थयात्रियों व यात्रियों को सकुशल आगे के लिये रवाना कराया और यातायात व्यवस्था बहाल की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *