गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा का बड़ा अभियान, चलेगा ‘समरसता संकल्प’
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलायेगी. अभियान को लेकर गुमला जिला भाजपा की ओर से स्थानीय होटल बिंदेस में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष अनूपचंद्र अधिकारी ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी. अनूपचंद्र अधिकारी ने बताया कि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे.
उन्होंने सामाजिक समानता, सद्भाव, मानवता, सेवा और भेदभाव रहित समाज का संदेश दिया. उनके ‘बेगम-पूरा’ दर्शन में ऐसे समाज की परिकल्पना की गयी है. जहां दुख, पीड़ा, अन्याय, शोषण और भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो. भाजपा का उद्देश्य गुरु रविदास के इन विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है. उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ के साथ होगी. इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘कलश वंदन अभियान’ चलाया जायेगा.
गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के प्रदेशों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाये जायेंगे. श्री अधिकारी ने बताया कि पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जायेगी. यह यात्रा जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर वाराणसी स्थित गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर तक पहुंचेगी. यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इसके अलावा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों को गुरु रविदास के जीवन, सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के संदेश से जोड़ा जायेगा. प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष सागर उरांव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष विनय कुमार लाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अनूपचंद्र अधिकारी, जिला महामंत्री संदीप प्रसाद, हरिहर साहू और रमेश राम उपस्थित थे.
