राजनीति

टावर चौक मामला: बोले मिशिर कुजूर- मूर्ति लगे, लेकिन पुलिस चौकी न हटे

गुमला शहर के टावर चौक के समीप से वर्षो पुराना पुलिस चौकी हटाने का मामला गरमा गया है. यहां मूर्ति लगाने के नाम पर पुलिस चौकी को तोड़ दिया गया. जिससे लोगों में नाराजगी है और रात्रि सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है. साथ ही पुलिस की गश्ती हो या ट्रैफिक पुलिस की डयूटी गर्मी, बरसात में यहां पुलिस अधिकारी व जवान रूकते हैं. जिससे उन्हें डयूटी करने में आसानी होती है. ऐसे में पुलिस चौकी को बिना पूर्व सूचना के हटाने से मामला गरम हो गया है.

इस संबंध में गुमला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सह युवा नेता मिशिर कुजूर ने कहा है कि पुलिस चौकी को तोड़कर स्व शिबू सोरेन की मूर्ति लगाना गलत है. मैं विधायक से मांग करता हूं कि शिबू सोरेन की मूर्ति गुमला जिला में स्थापित होनी चाहिए. लेकिन पुलिस प्रशासन के बैठने वाले जगहों को तोड़कर नहीं बनाना चाहिए. गर्मी व बरसात के दिनों में ट्रैफिक पुलिस का बैठने का वह सही जगह था. इसके अलावा जिला में किसी प्रकार की शोभा यात्रा निकाली जाती है, तो पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी उसी जगह पर बैठते थे.

उन्होंने कहा कि ऐसे में वे लोग अब कहां बैठेंगे. मैं दिशुम गुरु शिबू सोरेन को सम्मान देता हूं. वे एक क्रांतिकारी नेता थे. वे मर कर भी अमर हैं. परंतु उनके लिए कोई चौक बनना चाहिए. लेकिन शहीद चौक को नाम बदलकर भविष्य में शिबू सोरेन चौक करने की साजिश नहीं होनी चाहिए. न ही पुलिस चौकी को तोड़कर उनकी प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए. यदि पुलिस चौकी तोड़कर प्रतिमा स्थापित हुई तो, उग्र आंदोलन किया जायेगा और इसकी जिम्मेवारी विधायक की होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *