Video : चोरों का गुमला में आतंक, एक रात में दो स्थानों पर चोरी की वारदात
गुमला शहर में गुरुवार रात चोरों ने दो अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. आंबेडकर नगर के कुरैशी मुहल्ला स्थित एक घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी हो गए. वहीं जशपुर रोड स्थित काली मंदिर के पास एक किराना दुकान का एल्बेस्टस तोड़कर नकदी और सामान पर भी हाथ साफ कर दिया.
पहली घटना : अंबेडकर नगर स्थित कुरैशी मुहल्ला निवासी फिरोज आलम के घर में गुरुवार तड़के चोरी की घटना हुई. इस संबंध में उन्होंने गुमला थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में बताया गया है कि 30 जुलाई की सुबह करीब तीन बजे चोर घर में घुस गया और उनकी पत्नी सुबी प्रवीण के करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर, जिनमें चेन, अंगूठी, कान के झुमके सहित अन्य आभूषण शामिल हैं, के अलावा 20 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया. चोरी के दौरान आहट होने पर फिरोज आलम और उनकी पत्नी की नींद खुल गई. दोनों ने चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला. भागने की जल्दबाजी में चोर अपना चप्पल और टॉर्च मौके पर ही छोड़ गया. पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
दूसरी घटना : जशपुर रोड स्थित काली मंदिर के समीप मीणा देवी की किराना दुकान में हुई. चोरों ने दुकान का एल्बेस्टस तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब सात हजार रुपये नकद तथा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का किराना सामान चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मिलने पर मीणा देवी ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
एक ही रात शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
