गुमला

Video : गुमला में चोरी करने घुसे तीन युवक रंगे हाथ पकड़े गए, भीड़ ने रस्सी से बांधकर एक घंटे तक पीटा

Video : गुमला शहर के शांतिनगर में शनिवार को चोरी की एक वारदात ने कुछ ही मिनटों में ऐसा मोड़ लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बंद घर में चोरी की नीयत से घुसे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भीड़ ने तीनों के हाथ रस्सी से बांध दिए और करीब एक घंटे तक उनकी जमकर पिटाई की.

मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. हालात इतने बिगड़ गए थे कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो मामला किसी बड़ी अनहोनी में बदल सकता था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ के चंगुल से तीनों युवकों को छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने ले गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी अनिरुद्ध घर में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गए थे. इसी दौरान तीन युवक कथित तौर पर ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए. पड़ोसियों को जब कुछ संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी, तो उन्होंने तुरंत अनिरुद्ध को इसकी सूचना दी.

सूचना मिलते ही अनिरुद्ध घर पहुंचे. उनके साथ मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए. घर के अंदर तीनों युवकों को देखकर लोगों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. पकड़े गए युवकों की पहचान टुडूरमा निवासी सौरभ साहू, घाघरा निवासी महेश सिंह और मुरली बगीचा निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

पिटाई के दौरान क्या बता चोरों ने

भीड़ और पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने कथित तौर पर बताया कि वे ब्राउन शुगर के आदी हैं और शांतिनगर इलाके से ही उन्हें नशीला पदार्थ मिलता है. यह बात सामने आते ही पूरे मोहल्ले में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिला-पुरुष इकट्ठा हो गए और लोगों का गुस्सा कथित तौर पर ब्राउन शुगर बेचने के आरोपों से जुड़े अनिल साहू के घर की ओर फूट पड़ा. इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा. 

पुलिस ने की छापेमारी

इंस्पेक्टर विनय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनिल साहू के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस को कथित तौर पर करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. बरामदगी के बाद पुलिस ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी और पूरे मामले की जांच में जुट गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *