जेएनवी में कक्षा छह में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब सात अगस्त तक करें आवेदन
घाघरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय समिति ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिये कक्षा छह में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है.
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति ने अब आवेदन की अंतिम तिथि सात अगस्त 2026 तक विस्तारित कर दी है. इच्छुक विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी तरह निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
प्रवेश से संबंधित विस्तृत दिशा निर्देश और प्रॉस्पेक्टस भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. प्राचार्य ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि अंतिम समय में होने वाली तकनीकी समस्याओं से बचने के लिये अंतिम तिथि का इंतजार किये बिना समय रहते अपना आवेदन फॉर्म पूरा कर लें.
