‘चाची’ कर रही है बच्चों की जिंदगी खराब! बेटे की बर्बादी देख बिलख उठी मां, बोली- नशे से बचा लीजिए
मेरे बेटे को बचा लीजिये. वह नशे की लत में फंस गया है. पुलिस से अपील है. नशा का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करें. यह, एक मां की पुकार है. सोमवार को एक महिला ने फोन किये. उन्होंने अपने बेटे की नशे की लत और उसके बर्बाद होते जिंदगी के बारे में जानकारी दी. साथ ही उन्होंने गुहार लगायी. अगर मेरे बेटे के अलावा मोहल्ले के कई युवा व बच्चे नशे की लत में फंस कर अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं. महिला ने यह भी बताया. अगर नशा करने से रोकने पर बच्चे अब अपने माता पिता व घर वालों से लड़ने लगते हैं. इससे किसी बड़ी घटना का डर बना रहता है. यहां बता दें कि यह कोई एक मां की पुकार नहीं है.
गुमला शहर की वर्तमान में जो स्थिति है. यहां अधिकांश युवा नशे की लत में फंसते जा रहे हैं. कई युवा तो अपनी जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं. कुछ जेल में हैं तो कुछ लोगों का नशामुक्ति केंद्र में इलाज चल रहा है. वहीं कुछ युवा नशा कर सड़क पर अर्धनग्न घूम रहे हैं. अभी हम बात करेंगे, गुमला शहर के शांति नगर मोहल्ला की. यह घनी आबादी वाला इलाका है. लेकिन, यहां शाम ढलते ही ग्राउंड व अर्द्धनिर्मित घर में नशे की लत में फंसे युवाओं व बच्चों का जुटान होता है. इससे मोहल्ले के लोग डरे सहमे रहते हैं. लोगों को डर है. कहीं नशेड़ियों को कुछ बोल दें तो वे हमला कर देंगे. इसलिए लोग नशा कर रहे युवाओं को देखकर भी चुप रहते हैं. हालांकि, दो दिन पहले मोहल्ले में एक चोरी की घटना के बाद नशा के कारोबार का भी खुलासा हुआ. चोरी करते पकड़े गये तीन युवक नशीला पदार्थ खरीदने के लिए चोरी करने का प्रयास किये.
चाची नामक महिला नशीला पदार्थ बेचती है
पुलिस की जांच के बाद पता चला कि शांति नगर में चाची नामक महिला नशीला पदार्थ बेचती है. हालांकि, अभी वह पुलिस गिरफ्तार से दूर है. लेकिन अभी चिंता बनी हुई है. जिस महिला ने फोन कर जानकारी दी है. उनकी बात मानें तो यहां कई ऐसे लोग हैं, जो घूम घूमकर नशीला पदार्थ बेचते हैं. जिसे रोकना जरूरी है. उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे को बचाना चाहती है. साथ ही उसके बेटे जैसे अन्य युवा जो इस लत में फंसे हैं. उन्हें भी बचाना है. इसलिए पुलिस से शांति नगर मोहल्ले में ऑपरेशन चलाकर कार्रवाई की मांग की गयी. पुलिस से अपील की गयी. कम उम्र के बच्चे व युवा वर्ग जो नशे में दिखे. अगर उन लोगों को पकड़कर पूछताछ किया जाये तो नशीला पदार्थ बेचने वाले कारोबारियों का पता चलेगा.
गुमला में नशा के खिलाफ ऑपरेशन चलाये पुलिस
चेंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि गुमला में नक्सली और उग्रवादी गतिविधियां अब समाप्त हो चुकी हैं. लेकिन इसकी जगह अब नशे के कारोबार ने ले ली है. मादक पदार्थों के बढ़ते सेवन के कारण जिले में चोरी, लूट, हत्या और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही है. नशा पर रमेश कुमार चीनी ने चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा है कि गुमला में मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है. पुलिस की कार्रवाई में अक्सर छोटे कारोबारी या केवल पैडलर ही पकड़े जाते हैं. जबकि मुख्य तस्कर पुलिस की पहुंच से दूर हैं. ये बड़े धंधेबाज युवाओं को नशे के दलदल में धकेल कर खुद अकूत संपत्ति अर्जित कर रहे हैं और शान की जिंदगी जी रहे हैं. दूसरी ओर इनके इस कारोबार के कारण कई हंसते-खेलते परिवारों की जिंदगी पूरी तरह उजड़ रही है.
उन्होंने मानवता का वास्ता देते हुए नशे के सौदागरों से इस गलत राह को छोड़ने की अपील की है. कहा कि धंधेबाज सुधरें और एक सभ्य समाज का हिस्सा बनें. इसके साथ ही नशे में फंसे युवाओं से भी इस लत को तुरंत त्यागने का आग्रह किया. उपाध्यक्ष ने कहा कि नशा सिर्फ और सिर्फ बर्बादी लाती है. पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जिले से नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाये. पुलिस को सर्वप्रथम उन बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे भेजना चाहिए, जो बड़े पैमाने पर इसकी खरीद-बिक्री का संचालन कर रहे हैं. इसके साथ ही अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों और उनकी संगति पर विशेष ध्यान दें.
