Video : ‘सेटिंग-बेटिंग नी चलतो’, रांची के छात्र आंदोलन में लगे नारे
Video : झारखंड की राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 8 अगस्त की शाम मेले जैसा नजारा दिखा. स्टेडियम के उत्तर गेट के पास करीब 50 प्रदर्शनकारी जुटे. हाथों में बैनर लिए छात्र मार्च करते हुए आगे बढ़े और ‘जय जोहार’ और ‘जय झारखंड’ के नारे लगाए. इसी दौरान एक छात्र ने जोर से नारा लगाया- ‘सेटिंग-बेटिंग नी चलतो’, यानी जेपीएससी परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी या मिलीभगत नहीं चलेगी. इस नारे को दोहराते हुए छात्र आगे बढ़ने लगे. प्रदर्शनकारियों के बैनर पर लिखा था- ‘जिनके हाथों में छात्रों की बागडोर हो और वही छल पर उतारू हो, तो छात्र किस पर भरोसा करें.’ प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की.
इस बीच जब गुमला मिरर की टीम स्टेडियम के अंदर पहुंची, तो वहां काफी भीड़ नजर आई. आंदोलन के मंच से देशभक्ति के गीत बज रहे थे और छात्र उनके बोल दोहरा रहे थे. कुछ लोगों के हाथों में डफली भी थी और वे गीत गाते नजर आए. शाम के करीब 7 बजे आंदोलन को समर्थन देने वाले लोग प्रदर्शनकारियों के लिए खाना लेकर पहुंच रहे थे. पूरे परिसर में आंदोलन के साथ-साथ देशभक्ति का माहौल भी दिखाई दे रहा था.
