पालकोट : बंगरू में नये बाजार का उदघाटन, स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा, देखें Video
गुमला स्थित पालकोट प्रखंड के बंगरू गांव में शनिवार को नये बाजार का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख सोनी लकड़ा, बीडीओ विजय उरांव और बंगरू पंचायत की मुखिया पूनम एक्का ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. मौके पर प्रमुख सोनी लकड़ा ने कहा कि बाजार शुरू करने का उद्देश्य गांव-देहात के लोगों में आपसी एकता और भाईचारा बढ़ाने के साथ स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देना है.
बीडीओ विजय उरांव ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में बाजार लोगों को कुछ समय साथ बैठकर सुख-दुख बांटने का अवसर देगा. मुखिया पूनम एक्का ने कहा कि बाजार में पंचायत के साथ आसपास के गांवों के लोगों के आने से आपसी भाईचारा मजबूत होगा. उद्घाटन अवसर पर लिटिल स्टार म्यूजिकल ग्रुप सिमडेगा के कलाकारों ने चमरू महली के नेतृत्व में नागपुरी गीत प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया. मौके पर बाजार समिति के अध्यक्ष सुशील लकड़ा, सचिव चमरू महली, सह सचिव राजेश बड़ाईक, कोषाध्यक्ष संजय चीक बड़ाईक, संयोजक कृष्णा महली, एसआई रामपुकारा बैठा, बी.पी.आर ठाकुर, राम लखन सिंह यादव सहित समिति के सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे.
